महाराष्ट्र में संक्रमण से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। मुंबई में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास मातोश्री के पास एक चाय वाला संक्रमित मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इसके बाद उनके घर की सिक्युरिटी में तैनात 150 जवानों को बांद्रा में क्वारैंटाइन कर दिया गया है। ये जवान संक्रमित व्यक्ति की दुकान पर चाय पीने जाते थे। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने मातोश्री और उसके आसपास के इलाके को सील कर दिया। अब पूरे इलाके को सैनिटाइज किया जा रहा है। चायवाले के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है।
राज्य में मंगलवार को 23 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इसे मिलाकर संक्रमितों की संख्या 891 पर पहुंच गई है। हालांकि, इससे पहले सोमवार को 120 नए मामले सामने आए। इनमें 68 मुंबई और 41 पुणे के हैं। बाकी सतारा, वसई-विरार और अन्य जगहों के हैं। राज्य में रविवार को राज्य में सबसे ज्यादा 113 मरीज सामने आए थे। रविवार को ही यहां सबसे ज्यादा 13 मरीजों की मौत हुई है। राज्य में अब तक संक्रमण से 55 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, प्रदेश में अब तक 66 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया है।
कोरोना अपडेट्स
- महाराष्ट्र के पुणे में मंगलवार को तीन लोगों की जान गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सभी की उम्र 60 साल से ज्यादा थी। इन्हें किडनी, हाई ब्लड प्रेशर जैसी अन्य बीमारियां भी थीं। इसके साथ पुणे में अब तक आठ मौतें हो चुकी हैं।
- राज्य में संक्रमण की चेन को रोकने के लिए जिस इलाके में भी संक्रमित मिल रहा है, उस इलाके को सील करके उसे कंटेनमेंट घोषित किया जा रहा है। ऐसे में उस इलाके के रहने वाले लोगों को दिक्कत न हो, इसके लिए वहां एक कंटेनमेंट अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। वह अधिकारी इस इलाके की पूरी देखरेख करेगा। साथ ही, कंटेनमेंट इलाके में रहने वाले लोगों का 14 दिनों स्क्रीनिंग करके रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
- मुंबई और महाराष्ट्र के लोगों को यह मानकर नहीं चलना चाहिए कि 14 अप्रैल के बाद राज्य में लॉक डाउन खत्म हो जाएगा। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि राज्य सरकार 14 अप्रैल के आगे भी लॉक डाउन को जारी रख सकती है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 10 अप्रैल के बाद राज्य सरकार राज्य में कोरोना के संक्रमण के फैलाव की समीक्षा करेगी और उसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।
- स्वास्थ्य मंत्री ने यह जानकारी भी दी कि राज्य सरकार के पास फिलहाल 37000 पीपीई किट यानी पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट किट्स हैं। राज्य में करीब सवा तीन लाख पीपीई किट्स की जरूरत है, लेकिन दिक्कत यह है कि राज्य सरकार खुद से इन्हें खरीद नहीं सकती। केंद्र सरकार ने यह निर्देश दिए हैं पीपीई किट्स, एन-95 मस्क और वेंटिलेटर की खरीदी राज्य सरकारें अपने स्तर पर नहीं कर सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से तीन लाख 14 हजार पीपीटी किड्स,2125 वेंटिलेटर और 8 लाख 41 हजार एन-95 मास्क की मांग की है।
मुंबई: करीम मोरानी की दोनों बेटियां पॉजिटिव
फिल्म प्रोड्यूसर करीम मोरानी की दो बेटियां जोया और शजा कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। दोनों को नानावती अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कर दिया गया है। मोरानी परिवार के बाकी सदस्यों को क्वारंटीन करके सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। मोरानी का घर भी फिलहाल सील कर दिया गया है।
पंढरपुर: 20 हजार लीटर दूध खेत में बहाया
राज्य में लॉकडाउन से सबसे ज्यादा किसानों और दूध का व्यापार करने वालों को नुकसान हो रहा है। इससे परेशान होकर पंढरपुर में सुबह करीब 20 हजार लीटर दूध खेत में बहा दिया। पंढरपुर में भांडिशेगांव में पंधारी मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट्स के मालिक गणेश पाटिल ने बताया कि हमारे पास दूध का स्टॉक बढ़ रहा था और खरीदार नहीं थे, जिसके बाद हमने और अन्य किसानों ने दूध अपने खेतों में बहाने का फैसला किया गया है।