कोरोना पर कंट्रोल के लिए लॉकडाउन अवधि 4 दिन और बढ़ी; अब 26 मार्च तक शहर बंद रहेगा, पुलिस ने लोगों को रोककर घर भेजा

जबलपुर. कोरोनावायरस की रोकथाम के लिए प्रशासन ने जबलपुर जिले की लॉकडाउन की अवधि को 4 दिन और बढ़ा दिया है। अब जबलपुर 26 मार्च तक बंद रहेगा। रविवार को जनता कर्फ्यू और लॉकडाउन होने से शहर में सन्नाटा है। सुबह से लोग घरों से बाहर नहीं निकले। सुबह दूध और जरूरी वस्तुएं लेने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही, लेकिन 9 बजे के बाद लोग घर चले गए। जबलपुर के नर्मदा घाट भी आज सुनसान रहे। लोगों ने कहा- कोरोना को हराना है, जनता कर्फ्यू को पूरा समर्थन है। इससे पहले पुलिस ने शनिवार को मुनादी कराकर लोगों को सहयोग करने की अपील की थी। मध्य प्रदेश के 7 जिले जबलपुर, नरसिंहपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, ग्वालियर और बैतूल में लॉकडाउन किया गया है। जबलपुर संभाग के बालाघाट को अगले आदेश तक और नरसिंहपुर को 14 दिन लॉकडाउन रहेगा। कई जिलों में निषेधाज्ञा 144 लागू की गई है।


जबलपुर में शुक्रवार को दुबई से लौटे 4 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद जबलपुर और आसपास के जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया। जबलपुर कलेक्टर भरत यादव ने लॉकडाउन को 4 दिन बढ़ाते हुए 26 मार्च तक के लिए जिले को लॉकडाउन करने की घोषणा की है। कहा- जरूरी वस्तुओं के लिए सुबह 7 से 9 बजे के बीच छूट दी जाएगी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट पूरी तरह से बंद रहेगा। किसी तरह से अफवाह नहीं फैलाने और प्रशासनिक आदेशों का पालन किए जाने का आग्रह किया है। 


प्रधानमंत्री के आह्वान पर जनता कर्फ्यू का असर उपनगरीय क्षेत्रों में सुबह से ही नजर आया। रविवार को सड़कों पर हर तरफ सन्नाटा रहा। बाजार बंद रहे, कार्यालयों में ताले लटके रहे, लोग घरों में ही कैद रहे यहां तक कि पड़ोसियों का भी एक दूसरे के यहां आना जाना बंद रहा। सिहोरा, कटंगी, मझौली, पाटन, शहपुरा, कुंडम, पनागर, गांधीग्राम, मझगवां के साथ शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, दमोह, कटनी  जिले में भी एक जैसे हालात रहे। स्थिति यह रही कि मोहल्लों में किराना दुकान आदि भी नहीं खुलीं।


जनता कर्फ्यू को लेकर नागरिक शनिवार से ही मानसिक रूप से तैयार थे। इसको लेकर शनिवार सुबह ही खरीदी कर ली गई थी। रविवार अवकाश दिवस भी था और जनता कर्फ्यू के बीच इस दौरान लोगों ने अपने घर में ही समय व्यतीत किया। जनता कर्फ्यू के दौरान कई लोगों ने नीम से स्नान, गिलोय काढ़ा आदि पीने जैसी प्रक्रियाएं भी किन। लोग ज्यादा सतर्क नजर आए। सभी ने अपने अपने हिसाब से सतर्कता बरती और सेहत की दृष्टि से कर्फ्यू में सहयोग किया। कई जगह शंख ध्वनि, घंटा, घंटी आदि की ध्वनि के साथ औषधीय हवन भी किया गया।


प्रशासन की तैयारी 
कलेक्टर ने बताया- पीड़ित परिवार लगभग 25 लोगों के संपर्क में आया था। इन 25 लोगों को चिह्नित कर उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। उन्होंने बताया कि यहां मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सिर्फ 16 मरीजों को रखने की व्यवस्था है। बंद पड़े सुखसागर मेडिकल अस्पताल में 3 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार करवाया गया है। इसके अलावा निजी अस्पताल संचालकों के साथ बैठक कर एक सौ बेड आइसोलशन की की व्यवस्था के आदेश जारी किए गए हैं। 


लॉकडाउन होने की सूचना मिलते ही पूरा शहर बंद हो गया। ऐसे में जबलपुर में सब्जियों और फलों के भाव दोगुने हो गए हैं। वहीं, अनाज और दालों के भावों में कोई परिवर्तन नहीं देखा गया है। आवश्यक वस्तुओं के लिए अभी तक जबलपुर और संभाग के अन्य जिलों में अफरातफरी भी नहीं देखी गई है।


छिंदवाड़ा: 22 मार्च से अगले आदेश तक लॉक डाउन 
कलेक्टर निवास शर्मा ने छिंदवाड़ा जिले की सीमाओ में लॉक डाउन घोषित कर दिया है। यह आदेश 22 मार्च से आगामी आदेश तक लागू रहेगा। इस आदेश को जारी करने के पीछे जबलपुर में कोरोना का 4 नागरिकों में पोजिटिव मिलने पर किया गया है।


नरसिंहपुर : 14 दिन के लिए लॉकडाउन 


नरसिंहपुर. जबलपुर में कोरोना के चार संक्रमित मरीज पाए जाने के बाद नरसिंहपुर ज़िले को 14 दिन के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। आज मध्य रात्रि 12 बजे से 5 अप्रैल तक के लिए पूरे जिले को टोटल लॉकडाउन किया गया है। जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने भास्कर से कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने घर से बाहर निकलने की इजाज़त नहीं होगी। ज़िले की सीमा में बाहरी लोगों का आगमन एवं यहां के निवासियों का ज़िले की सीमा के बाहर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। 
 


बालाघाट : 4 दिन के लिए लॉकडाउन 


बालाघाट में कलेक्टर दीपक आर्य ने कहा कि हमारे देश में कोरोना संक्रमण की तृतीय स्टेज अब आने वाली है और इसे रोकना बहुत जरूरी है। बालाघाट जिले के पड़ोसी शहर नागपुर, जबलपुर एवं रायपुर जिनसे यहां के लोगों का व्यापार एवं आना-जाना अधिक रहता है। वहां पर भी कोरोना संक्रमित व्यक्ति पाए गए हैं। ऐसे में बालाघाट जिले के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इसलिए जिले को 22 से 25 तक के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं, सभी से घर में रहने की अपील की गई है। केवल सावधानी एवं सर्तकता बरतने की और भीड-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने की। नागरिकों को चाहिए कि वे बैंक ने जायें बल्कि आनलाईन ट्रांसेक्शन का उपयोग करें। कोरोना वायरस COVID-19 संक्रमण से बचाव के लिए जिले के सभी 11 लोक सेवा केंद्रों को 23 मार्च से 31 मार्च 2020 तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। जिले के सभी 11 लोक सेवा केंद्रों पर 23 से 31 मार्च 2020 तक आवेदन लेने की कार्रवाई बंद रहेगी।